Show me an example

Monday, January 7, 2008

सांताक्लाज के साथ बतडंग - भाग एक






सांता क्लाज मिल गए. जी हाँ, कलकत्ता पहुँच चुके हैं. परसों ही दिल्ली के मेंटल हॉस्पिटल से छुट्टी मिली. छुट्टी मिलते ही भाग लिए. प्रण किया कि अब दिल्ली नहीं जायेंगे कभी. मुझे देखते ही दूसरी तरफ़ भागने लगे. मैंने आवाज लगाई तो रुके. मैंने पूछा; "क्यों भाग रहे हैं?"

बोले; "तुम भी तो ब्लॉगर हो न. मैंने तुम्हारी फोटो देखी है. इसीलिए डर के मारे भाग रहा हूँ." इतना कहकर फिर से भागने लगे. मैंने आवाज़ लगे; "अरे सांता अंकल, सुनो तो."

मेरी बात सुनकर एकदम से रुक गए. नाराज होते हुए बोले; "क्या, तुमने मुझे अंकल कहा?"

मैंने कहा; "तो क्या हुआ जो मैंने आपको अंकल कहा? आपको बुरा लगा क्या?"

बोले; "क्यों, तुम्हें कोई अंकल कहता है तो तुम्हें अच्छा लगता है क्या?"

मैंने कहा; "नहीं मुझे एकदम अच्छा नहीं लगता. लेकिन ये बताईये, आप ब्लागरों से डरते हैं क्या?"

बोले; "डरते हैं. ब्लागरों से कौन नहीं डरता? तुम ख़ुद एक ब्लॉगर हो, लेकिन क्या तुम भी ब्लागरों से नहीं डरते?"

मैंने कहा; "आप ठीक कह रहे हैं. लेकिन आप ब्लागरों से इतना डरते क्यों हैं?"

बोले; "पुराणिक जी से मुलाक़ात के बाद जो अनुभव रहा, उसके बाद कोई भी ब्लागरों से डरेगा ही. पूरे चार पोस्ट तक मुझसे सवाल-जवाब करते रहे. ऐसा तो मेरे साथ ऍफ़बीआई वालों ने भी नहीं किया."

ऍफ़बीई का नाम सुनकर मुझे बड़ा आश्चर्य हुआ. मुझे लगा ऐसा क्या हो गया कि ऍफ़ बी आई वालों ने इन्हें पकड़ लिया. मैंने उनसे पूछा; "क्या ऐसा भी कभी हुआ है कि ऍफ़बीआई वालों ने आपसे भी पूछ-ताछ की है?"

बोले; "हाँ, पिछले साल उन लोगों ने मुझे पकड़ लिया था. उन्हें मेरे ऊपर शक था."

मैंने पूछा; "आपके ऊपर भी लोग शक करते हैं. लेकिन ऍफ़ बी आई वालों को किस बात का शक था आपके ऊपर?"

सांता ने इधर-उधर देखा. फिर उदास होकर बोले; "उनलोगों को शक था कि मेरी इस झोली में डब्लूएमडी है."

"डब्लूएमडी, आपका मतलब वीपन आफ मास...."; मैंने अपनी बात पूरी करने वाला था कि उन्होंने कहा; "हाँ-हाँ, वही. उन्हें शक था कि मैं अपनी झोली में डब्लू एम डी रखता हूँ"

मेरी उत्सुकता बढ़ गई. मैंने पूछा; "लेकिन ऐसा हुआ कैसे? उन्हें आपके ऊपर ऐसा शक क्यों हुआ?"

बोले; "तुम्हें तो मालूम ही है. इराक में चार सालों से अमेरिकी सैनिक हैं. मर रहे हैं, मार रहे हैं. कुछ तो पूरी तरह से टूट चुके हैं. तो उन्हें खुश रखने के लिए मैं पिछले साल इराक चला गया था. उनके साथ कुछ दिन था. वहाँ से जब निकला और अमेरिका पहुँचा तो वहाँ किसी ने ऍफ़ बी आई को बताया कि मैं इराक से अमेरिका में घुसा हूँ. बस, ऍफ़ बी आई वालों ने पकड़ लिया."

मैंने पूछा; "फिर आप छूटे कैसे? मैंने तो सुना है कि ऍफ़ बी आई के पास जो फंस गया, उसका छूटना बहुत मुश्किल है."

बोले; " अरे, बहुत सारे अफसरों के बीच एक इंटेलीजेंट अफसर भी था. मेरी झोली की छान-बीन के बाद बोला कि जब तुम्हारी झोली में तेल का कुआँ ही नहीं है तो फिर डब्लू एम् डी होने का कोई चांस नहीं. तुम जा सकते हो."

मैंने कहा; "अच्छा हुआ ऍफ़ बी आई में कुछ इंटेलिजेंट अफसर हैं. नहीं तो आपको तो वे लोग छोड़ते ही नहीं. हो सकता है आपको भी जेल में रख देते."

बोले; "ठीक ही कह रहे हो. मैं तो बच गया."

"वैसे पुराणिक जी ने जो सवाल-जवाब किए, उससे आप विचलित नहीं हुए?"; मैंने उनसे पूछा.

बोले; "पहली पोस्ट में तो थोड़ा डरा लेकिन बाद में लगा कि पुराणिक जी तो शिक्षक हैं. उन्हें छात्रों से सवाल करने की आदत होगी. इसीलिए बाद की पोस्ट में उनके सवाल एन्जॉय करने लगा."

Thursday, January 3, 2008

रीढ़हीन समाज निकम्मी सरकार और उससे भी निकम्मी पुलिस डिजर्व करता है




मुम्बई.

दो टीवी पत्रकार आपस में बात कर रहे हैं. "बहुत बुरा हाल है कानून-व्यवस्था का. औरतें सुरक्षित नहीं रही इस शहर में भी. तुम्हें क्या लगता है?"; पहले पत्रकार ने पूछा.

"मुझे भी कुछ ऐसा ही लगता है. लेकिन हमें कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए. थोडी देर में ही कमिश्नर आयेंगे. उन्ही से पूछ लेते हैं कि कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या सचमुच ख़राब है. औरतें क्या सुरक्षित नहीं हैं. अगर वे बोल देंगे, तभी समझना कि औरतें सुरक्षित नहीं हैं"; दूसरे ने कहा.

दूसरे का वक्तव्य ठीक उसी तर्ज पर था जैसे किसी जिले में महीनों से पानी नहीं बरसा. फसल नष्ट हो चुकी है. लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं है. लेकिन जब तक सरकार उस जिले को सूखाग्रस्त नहीं घोषित करेगी, तब तक यह नहीं माना जा सकता कि जिले में सूखा पडा है.

कमिश्नर साहब आए. पत्रकार ने उनसे सवाल किया "आपको क्या लगता है, मुम्बई शहर में महिलाएं क्या सुरक्षित नहीं हैं?"

"पूरी तरह से सुरक्षित हैं. अगर ऐसा नहीं होता तो आप अपनी पत्नी को घर में छोड़कर यहाँ नहीं होते"; कमिश्नर साहब ने जवाब दे डाला.

लीजिये, टीवी वालों को 'बाईट' चाहिए थी और कमिश्नर साहब ने अपने जवाब से पत्रकारों को 'काट' खाया. अब साहब की यही 'बाईट' बार-बार टीवी पर दिखाकर उन्हें कोसा जा रहा है. समस्याओं को सुलझाने का काम पिछले कई सालों से टीवी के पैनल डिस्कशन और सेमिनारों के द्वारा किया जा रहा है.

देखकर लगता है जैसे सरकार इन टीवी वालों से विनती करती है कि आप हमारा काम कर दीजिये न. कहीं पर नक्सली हमला करते हैं तो सरकार इनसे कहती होगी; "ये नक्सलियों का आतंक बढ़ गया है, आप कुछ कीजिये न."

टीवी वाले पूछते होंगे; "हम क्या कर सकते हैं? ये तो कानून-व्यवस्था की समस्या है."

सरकार कहती होगी; "आप एक पैनल डिस्कशन आयोजित कीजिये अपने चैनल पर. समस्या ख़त्म हो जायेगी." और टीवी वाले बेचारे लग जाते हैं पैनल डिस्कशन के आयोजन पर. जनता से एसएम्एस लेकर समस्या का समाधान खोजते हैं. नक्सलियों की समस्या के इतिहास और भूगोल पर बात शुरू हो जाती है. दो दिन तक ऐसे ही चलता है. तब तक कोई और समस्या आ जाती है. अब नक्सलियों की समस्या का नंबर एक महीने बाद आएगा जब कोई नया हमला होगा.

कल बारी थी नए साल के मौके पर मुम्बई में दो महिलाओं के साथ हुई हिंसा की. पैनल डिस्कशन में तीन-चार लोग थे. एक थे अलीक पद्म्सी. ये साहब भारतवर्ष की दो-तिहाई समस्याओं के अकेले विशेषज्ञ हैं. इन्होने आधे घंटे के अन्दर वात्सायन, कामसूत्र, मुग़ल और अंग्रेजों का इतिहास बता डाला. सबकुछ बताकर इन्होने नेताओं को दोष दे डाला. हो सकता है इनको पता हो कि सत्तर-अस्सी लोगों की भीड़ को किसी नेता ने उकसाया था.

पहले भीड़ इकट्ठी होती थी तो ट्रक, बस और ट्रेन वगैरह जलाने के काम आती थी. बाद में दंगे करवाने के काम आने लगी. अब हालत ये है कि औरतों के ख़िलाफ़ हिंसा भी समूह कर रहा है. ऐसे समूह से बनने वाला रीढ़हीन समाज निकम्मी सरकार और उससे भी निकम्मी पुलिस डिजर्व करता है. उससे ज्यादा कुछ नहीं.

Tuesday, January 1, 2008

बेनजीर की हत्या हो गई - आपके पास भी कोई वीडियो है क्या?






बेनजीर भुट्टो की हत्या हो गई. हत्या हो गई? नहीं-नहीं हत्या नहीं, मौत हुई है. पहले दो दिन तक तो यही बताया गया कि उनकी हत्या हो गई. बाद में पता चला कि असल में मौत हुई. भुट्टो की पार्टी वालों का मानना है कि हत्या हुई है. सरकार का मानना है कि मौत हुई है. आम जनता को केवल यही पता है कि बेनजीर नहीं रहीं. सरकार ने वीडियो देखकर बताया कि कार के लीवर से उनकी मौत हुई. पार्टी वालों ने बेनजीर को देखकर बताया कि गोली लगने से हत्या हुई. कुछ चश्मदीदों का मानना है कि बम ब्लास्ट करके उन्हें मारा गया.सरकार हमारे यहाँ भी है. सरकार पाकिस्तान में भी है. हमारी सरकार बम ब्लास्ट के महीनों बाद भी पता नहीं लगा पाती कि बम ब्लास्ट किसने किया. पाकिस्तान की सरकार ने एक दिन में पता लगा लिया कि बेनजीर की मौत तो कार के लीवर से टकराने की वजह से हुई. साथ में ये भी पता लगाया कि बम ब्लास्ट किसने करवाया. सरकार की तरफ़ से बयान आने के बाद हर घंटे एक नया वीडियो जारी किया जा रहा है. जिस रफ़्तार से वीडियो निकल रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि वारदात की जगह उपस्थित हर व्यक्ति के पास एक एक वीडियो है. हर वीडियो में हत्यारों की संख्या अलग-अलग बताई जा रही है. किसी में दो तो किसी में तीन. किसी वीडियो में गोली दाहिने तरफ़ से चली है तो किसी में बाएँ तरफ़ से. हर वीडियो में किसी एक आदमी के चेहरे को एक सर्किल में डालकर बताया जा रहा है कि यही हत्यारा है. हालत ये है कि वहाँ उपस्थित लोगों में से दो तिहाई को हत्यारा बताया जा चुका है.

इतने सारे वीडियो के बारे में सुनकर लगता है जैसे रावलपिंडी में एक दोस्त दूसरे दोस्त से मिलता होगा तो तुरंत पूछता होगा; "तुम्हारे वीडियो में कितने हत्यारे थे?"

दूसरा बोलेगा; "मेरे में तो तीन थे. तुम्हारे में कितने हैं?"

पहला बोलेगा; "मेरे वीडियो में चार हैं."

हो सकता है पहला वाला बोले कि तेरे पास तो केवल एक वीडियो है. मेरे पास दो हैं. माँ अगर किचेन में है तो बेटे को टीवी के सामने बैठा दिया है. हर आधे घंटे पर उससे पूछ लेती है; "कोई नया वीडियो आया क्या?" तमाम तरह के वीडियो. तमाम तरह के दावे. अब तो केवल ये सुनना बाकी है कि बेनजीर की मौत असल में मलेरिया की वजह से हुई.

पाकिस्तान में जम्हूरियत लाने का ठेका अमेरिका ने लिया था. बाद में उसने ये ठेका बेनजीर भुट्टो को आउटसोर्स कर दिया. ये अमेरिका वालों को भी आउटसोर्सिंग के अलावा और किसी बात की समझ नहीं है. अजीब करतूत है अमेरिका की भी. जो काम ख़ुद नहीं कर सकता तो उसे लेता ही क्यों है? और फिर अमेरिका साल में तीन-चार बार पाकिस्तान को पैसा वगैरह देता है. दो-चार नेता भी दे देता जो पाकिस्तान में जम्हूरियत ले आते. या फिर जिसे पैसा दे रहा है उसी को कहता कि मैं तुम्हें पैसा दे रहा हूँ तुम मुझे जम्हूरियत दो. लेकिन नहीं, पैसा किसी और को दे और जम्हूरियत लाने का काम किसी और को.

हो सकता है आनेवाले दिनों में और भी वीडियो सामने आयें. और भी लोगों को हत्यारा करार दिया जाय. ये भी हो सकता है कि चुनाव की प्रक्रिया पूरी करने के लिए नेता भी मिल जाए. देखना केवल ये है कि जिस बात के लिए सारी कवायद हो रही है, यानि जम्हूरियत, वो आती है कि नहीं.
चलते-चलते
अपने इरफान भाई पिछली दो-तीन पोस्ट से बहुत दुखी हैं. उनका कहना है कि बेनजीर का जाना और मोदी का जीतना दोनों ऐसी घटनाएं हैं जिनकी वजह से वे दुखी हैं. अपने दुःख को वे गाने सुनकर दूर कर रहे हैं.

इरफान भाई, मेरा मानना है कि दोनों घटनाएं एक सी नहीं हैं. जहाँ मोदी के केस में डेमोक्रेसी जीती है वहीं बेनजीर के केस में हारी है.