हमारा शहर तमाम बातों के लिए प्रसिद्द है. चीजों के लिए भी. लेकिन इस शहर में जो चीजें सबसे ज्यादा पायी जातीं हैं उनमें नेता और भाषण प्रमुख हैं. इन सबके अलावा जब वोटर और भक्त सड़क पर उतरते हैं तब डेमोक्रेसी भी दीखती है. जनता को सताने के न जाने कितने डेमोक्रेटिक तरीके विकसित कर लिए गए हैं.
कई बार यह विचार मन में आता है कि लोकतंत्र का इतिहास नामक पुस्तक में अगर कलकत्ते की सड़कों और उन पर विचरण करने वाले वोटरों और भक्तों का जिक्र न हो तो हम उस पुस्तक को नकारने का अधिकार रखते हैं. सीधे-सीधे.
रानी रासमोनी एवेन्यू एक जगह है जो शहर के बीचो-बीच है. शहर में डेमोक्रेसी के रख-रखाव के काम आती है यह जगह. जब नेता रूपी राजाओं को लगता है कि डेमोक्रेसी की झाड़-पोंछ का समय आ गया है तो वे वहां आकर अपनी प्रजा से मिल जाते हैं. यही कारण है कि आये दिन नेता-नेत्री लोग यहाँ भाषण उगलन कला को निखारते हैं. कभी सत्ता पक्ष के नेता तो कभी विपक्ष के.
अगर रानी 'रासमोनी' एवेन्यू को अपनी आत्मकथा लिखने का मौका मिले, मैं दिल्ली हूँ की तर्ज पर, तो एक से बढ़कर एक सूक्तियां, उक्तियाँ, कटूक्तियां, उपयुक्तियां और न जाने क्या-क्या पढने को मिलेगा.
पूरी आत्मकथा बड़ी धाँसू होगी.
आज सुबह आफिस आते समय देखा कि वहां तैयारियां चल रही थीं. कुर्सियां थीं, स्टेज था, बांस थे, लाऊडस्पीकर थे, पुलिस थी और बाकी के सपोर्टिंग कलाकार टाइप चीजें भी थीं. सुबह आठ बजे सड़क को एक तरफ से बंद कर दिया गया था.
देखकर बड़ी कोफ्त हुई. मुंह से निलका; "सुबह-सुबह ये हाल है?"
टैक्सी ड्राईवर बोला; "का कीजियेगा, ई लोग का बात खत्मे नहीं होता है. एतना दिन से बोल रहा है ई लोग, लेकिन अभी भी केतना कुछ है ई लोग के पास कहने को."
समझ में नहीं आया कि 'ई लोग' के पास कहने को 'केतना कुछ' है, या हमारे पास सुनने को 'केतना कुछ' है?
..................................................................................
रानी रासमोनी के बारे में जानने के लिए यहाँ क्लिकिया सकते हैं. अगर पहले से जानते हैं तो कोई बात नहीं.
Tuesday, September 15, 2009
केतना कुछ है ई लोग के पास कहने को
Monday, September 14, 2009
हिंदी-रक्षा अभियान
आज हिंदी दिवस है. हम हिंदी दिवस को वैसे ही मना रहे हैं, जैसे हर साल मनाते हैं. मतलब अंग्रेजी भाषा का मज़ाक उड़ाकर. अंग्रेजी बोलने वालों के बारे में "अँगरेज़ चले गए, औलाद छोड़ गए" कहकर. ऐसे में मैंने भी सोचा कि पुराने लेख का रि-ठेल कर देता हूँ.
.....................................................................................
तमाम संगठनों की जायज-नाजायज मांगों को मानने का सरकार का रेकॉर्ड अच्छा था. यह देखते हुए कि हिन्दी-सेवी भी संगठन बनाकर आए थे, सरकार ने उनकी माँग भी मान ली. सरकार इस बात से आश्वस्त थी कि इंसान की सेवा तो हर कोई कर सकता है लेकिन भाषा की सेवा करने की योग्यता बहुत कम लोगों में होती है.
हिन्दी-सेवियों ने सरकार को बताया; " सरकार, हिन्दी केवल बोल-चाल की भाषा बनकर रह गई है. इसकी हालत बड़ी ख़राब है. इसकी ऐसी ख़राब हालत के लिए आपकी नीतियाँ भी जिम्मेदार हैं. केवल बोलने से भाषा कैसे बचेगी. हम अपने खोज से इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो हिन्दी ५० साल में खत्म हो जायेगी."
"लेकिन इतने सारे लोग हिन्दी बोलते हैं. हिन्दी तो अब इन्टरनेट पर भी प्रचलित हो रही है. अब तो हिन्दी में ब्लागों की संख्या भी बढ़ रही है. हिन्दी फिल्में सारी दुनिया में देखी जा रही हैं. अब तो रूस और स्पेन में भी लोग हिन्दी गानों पर नाचते हैं.", सरकार ने समझाने की कोशिश की.
"देखिए, यही बात है जिससे हिन्दी की ये दुर्दशा हुई है. आप चिट्ठे को ब्लॉग कहेंगे तो हिन्दी का विकास कैसे होगा?" हिन्दी-सेवियों ने समझाते हुए कहा.
"ठीक है ठीक है. आप हमसे क्या चाहते हैं?", सरकार ने खीझते हुए पूछा.
"सरकार हमारा सोचना है कि हिन्दी के इस्तेमाल को व्यापक बनाने के लिए हमें त्वरित कदम उठाने चाहिए. हमारी माँग है कि विज्ञानं और तकनीकि की पढाई हिन्दी में हो. सरकार का काम हिन्दी में हो. व्यापार और वाणिज्य का सारा काम हिन्दी में हो. हिन्दी को बचाने की जिम्मेदारी आज हमारे कन्धों पर है. अपने खोज से हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि अगर ऐसा हुआ तो हिन्दी बच जायेगी", हिन्दी-सेवियों ने सरकार को माँग-पूर्ण शब्दों में समझाया.
सरकार ने कहा; "ठीक है हम आपकी माँग कैबिनेट कमिटी के सामने रखेंगें. आप लोग दो महीने बाद हमसे मिलिये."
हिन्दी-सेवियों की मांगों को सरकार की भाषा बढ़ाओ कैबिनेट कमेटी के सामने रखा गया. राज्यों में चुनावों को देख ते हुए कमेटी ने सरकार को सलाह दी; "हिन्दी-भाषी क्षेत्रों में हमारे गिरते हुए वोट-बैंक को संभालना है तो हमें हिन्दी-सेवियों की इन माँगों को तुरंत मान लेना चाहिए. वैसे तो हम दिखाने के लिए भगवान में विश्वास नहीं करते, लेकिन सच कहें तो हिन्दी-सेवियों को भगवान ने ही हमारे पास भेजा है. हम कहेंगे कि उनकी माँगों को मान लेना चाहिए."
हिन्दी-सेवियों की माँगों को मान लिया गया. सरकार ने हुक्म दिया कि वाणिज्य और व्यापार, शिक्षा और सरकारी कामों में केवल हिन्दी का प्रयोग अनिवार्य होगा. जल्दी-जल्दी में वोट बटोरने के चक्कर में सरकार ने अपना हुक्म लागू कर दिया.
ऐसा पहली बार नहीं हुआ था. ऐसा पहले भी देखा गया था कि फैसला लागू करने के बाद सरकार को मुद्दे पर बहस करने की जरूरत महसूस हुई थी. एस.ई.जेड. के मामले में ऐसा देखा जा चुका था. उद्योग घरानों को जमीन देने के बाद सरकार को याद आया कि एस.ई.जेड. को लेकर पहले एक नीति बनाने की जरूरत है.
क़रीब दो महीने बीते होंगे. नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की. उस प्रतिनिधिमंडल में लगभग सभी क्षेत्रों के लोग थे. उनकी शिकायतों को सुनकर प्रधानमंत्री के माथे पर पसीने आ गए.
प्रतिनिधिमंडल में से सबसे पहले एक बैंक मैनेजर सामने आया. बहुत दुखी था. सामने आकर और उत्तेजित हो गया. उसने बताया; "सर, जब से हमने हिन्दी में रेकॉर्ड रखने शुरू किए हैं, तब से हमें बहुत समस्या हो रही है. कल की ही बात लीजिये. हमने एक कस्टमर को अकाउंट स्टेटमेंट भेजते हुए लिखा; 'हमारे यहाँ रखे गए बही-खातों से पता चलता है कि आप हमारे बैंक के ऋणी हैं. और ऋण की रकम रुपये ५१४७५ है.' सर वह कस्टमर तुरंत बैंक में आया. बहुत तैश में था. उसने मेरी पिटाई करते हुए कहा; 'मैंने ख़ुद को कभी अपने बाप का ऋणी नहीं समझा, तुम्हारे बैंक की हिम्मत कैसे हुई ये कहने की, कि मैं तुम्हारे बैंक का ऋणी हूँ.' अब आप ही बताईये, कैसे काम करेगा कोई."
अभी बैंक मैनेजर अपनी बात बता ही रहा था कि एक महिला प्रोफेसर सामने आयी। बहुत गुस्से में थी. अपनी समस्या बताते हुए बोली; "मेरी बात भी सुनिये. मैं फिजिक्स पढाती हूँ. जब से हिन्दी में पढ़ाना शुरू किया है, किस तरह की समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं, कैसे बताऊँ आपको. कुछ तो ऐसी समस्याएं है कि बताते हुए भी शर्म आती है."
प्रधानमंत्री ने उन्हें ढाढस बधाते हुए कहा; "आप अपनी बात बेहिचक बताईये. क्या समस्या है आपको?"
महिला प्रोफेसर बहुत गुस्से में थीं, बोलीं; "क्या बताऊँ, क्लास में ग्रेविटी के बारे में पढ़ाना था. मैं क्लास में गई और मैंने छात्रों से कहा कि आज हम गुरुत्वाकर्षण के बारे में पढायेंगे. जानते हैं, बच्चों में खुसर-फुसर शुरू हो गयी. छात्रों ने मजाक उड़ाते हुए कहा, गुरुत्वाकर्षण माने हम गुरू के तत्वों में आकर्षण के बारे में पढेंगे. मैं गति के नियम पढाने की बात करती हूँ तो छात्र मजाक उड़ाते हुए कहते हैं कि गति के तीन प्रकार हैं, अगति, दुर्गति और सत्गति. अब आप ही बताईये, कोई कैसे पढायेगा?"
ये महिला प्रोफेसर अपनी शिकायत बता रही थी कि एक मानवाधिकार कार्यकर्त्ता सामने आया. उसने बताया; "मुम्बई के 'भाई' लोगों ने हमारे संगठन से शिकायत की है. उनका कहना है कि जब से सरकार ने व्यापार और पेशे में हिन्दी में काम करना 'कम्पलसरी' किया है, तब से 'भाई' लोगों का व्यापार खर्च पढ़ गया है. इन लोगों के पास फ़ोन पर धमकी देने के लिए अच्छी हिन्दी बोलने वाले लोग नहीं हैं. बाहर से आदमी रेक्रूट करना पड़ रहा है. आप उनके बारे में भी जरा सोचिये. सरकार का कर्तव्य है कि वह समाज के हर वर्ग के हित के बारे में सोचे."
लगभग सभी ने अपनी शिकायत प्रधानमंत्री से दर्ज की। इन लोगों ने प्रधानमंत्री से आग्रह भी किया कि तुरंत सरकार के 'हिन्दी रक्षा अभियान' पर रोक लगाई जाय. लेकिन प्रधानमंत्री अपनी बात पर अड़े हुए थे. उन्हें आने वाले चुनावों में वोट बैंक दिखाई दे रहा था. उन्होंने लोगों के अनुरोध को ठुकरा दिया. लोग निराश होकर लौटने ही वाले थे कि प्रधानमंत्री का निजी सचिव दौड़ते हुए आया. बहुत परेशान दिख रहा था.
आते ही उसने प्रधानमंत्री से कहा; "डीएमके से सरकार की बातचीत टूट गई है. डीएमके वाले अपनी बात पर अड़े हुए थे. उनका कहना था कि अगर सरकार ने अपना हिन्दी कार्यक्रम वापस नहीं लिया तो वे सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेंगे. सरकार का गिरना लगभग तय है."
प्रधानमंत्री ने सोचा कि चुनाव तो बाद में होंगे, पहले तो मौजूदा सरकार को बचाना जरूरी है. उन्होंने जनता के प्रतिनिधियों को रोकते हुए कहा; "हमने आप की बातें सुनी. हमें आपसे पूरी हमदर्दी है. हम अपने 'हिन्दी रक्षा अभियान' को आज ही वापस ले लेंगे."
दूसरे दिन समाचार पत्रों में ख़बर छपी; "सरकार ने समाज के हर वर्ग के प्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद फैसला किया कि सभी कार्य-क्षेत्रों में हिन्दी में काम करने के फैसले को वापस ले लेना चाहिए क्योंकि आम जनता को वाकई बड़ी तकलीफ हो रही थी."
हिन्दी-सेवी अब एक ऐसी सरकार के आने का इंतजार कर रहे हैं जो बहुमत में हो.
Wednesday, September 2, 2009
मेरे लिए फैसला आप लें....
अपना देश एसएमएस प्रधान देश बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है. वो दिन दूर नहीं जब हम इसे एसएमएस प्रधान देश बना डालेंगे और साल का कोई एक दिन सेलेक्ट करके उसे एसएमएस डे घोषित कर देंगे. करना भी चाहिए. आखिर फूल-पत्ती, कार्ड्स वगैरह बेचने वाले कब तक केवल मदर्स डे, फादर्स डे या फिर डाटर्स डे पर ही कार्ड्स बेचते रहेंगे? उन्हें भी तो नए दिन चाहिए ये सब बेचने के लिए.
काश कि ऐसी विकट ग्रोथ देश की इकॉनोमी में होती.
कल एक समाचार चैनल पर किसी सीरियल के विज्ञापन में एक लड़की को देखा. सुन्दर लड़की, देखने में इंटेलिजेंट, पार्क जैसी किसी जगह पर बैठी है. फिर कैमरे की तरफ देखते हुए कहती है; "मेरी उम्र सत्ताईस साल है लेकिन मेरी शादी नहीं हो रही. कोई लड़का मुझे पसंद ही नहीं करता. मैं मोटी हूँ न."
आगे बोली; "अब जिस लड़के ने मुझे पसंद किया है, उसका चाल-चलन ठीक नहीं है. वो हर लडकी को बुरी नज़र से देखता है. अब आप मेरा मार्गदर्शन करें और बताएं कि मुझे इस लड़के से शादी करनी चाहिए या नहीं?"
अपनी बात को और आगे बढाते हुए लड़की बोली; "हाँ या ना में अपनी राय देने के लिए मुझे एसएमएस करें."
उन्होंने केवल एस एम एस की सुविधा मुहैया करवाई है. इतने महत्वपूर्ण फैसले की जिम्मेदारी उन्होंने हमें सौंप दी है. हमें अधिकार दे दिया है कि हम उनके जीवन का फैसला करें. वो भी एसएमएस भेजकर.
अब उनसे आमने-सामने बात होती तो ज़रूर पूछते कि; "यह क्या है देवी? आप इतना महत्वपूर्ण फैसला हमपर क्यों छोड़ रही हैं? शादी आपकी होगी. शादी के बाद उस हलकट से आपको निबाहना है. ऐसे में हम कौन होते हैं फैसला लेने वाले? और फिर, आप कौन सी सदी में जी रही हैं, इसके बारे में नहीं सोचा? आज पूरी दुनियाँ में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं. अपना फैसला खुद करती हैं. अपने घर वालों तक को अपने जीवन के आड़े नहीं आने देती और आप हैं कि शादी जैसा महत्वपूर्ण फैसला खुद नहीं करके बाहर के लोगों से करवाना चाहती हैं? आप क्या कोई अजेंडा लेकर शादी करने निकली हैं कि दूसरों से फैसला करवा कर नारी स्वतंत्रता को पचास साल पीछे पहुंचा देंगी?"
लेकिन आमने-सामने तो बात नहीं न हो सकती. वैसे भी एसएमएस में भी रेस्ट्रिक्शन है कि जवाब भी केवल हाँ या ना में होना चाहिए. ऐसे में सलाहू टाइप लोग और क्या कर सकते हैं सिवाय इसके कि एसएमएस भेज कर उसकी शादी करवा दें या फिर शादी का उसका प्लान कैंसल करवा दें.
लेकिन एसएमएस के थ्रू दूसरों से फैसला करवाने वाली इस लड़की की तो आदत पड़ जायेगी कि वह हर फैसला सलाहू लोगों से एसएमएस मंगवा कर ही करवाए. फैसला गलत हुआ तो जिन लोगों ने उसे मेसेज भेजा है उन्हें जिम्मेदार ठहरा कर निकल लेगी.
अब ऐसा भी तो हो सकता है कि शादी कैंसल करने के बाद उसे और कोई लड़का पसंद कर ले. फिर वहां भी तो कोई लोचा हो सकता है. जो लड़का पसंद कर ले पता चला कि वो गुटका खाता है. लडकी फिर से एसएमएस मंगवाएगी? यह कहते हुए कि; " आप बताइए कि गुटका खाने वाले एक लड़के से मुझे शादी करना चाहिए या नहीं? जवाब हाँ या न...."
किसी भी मुद्दे पर मेसेज मंगवाने लगेगी. आदत खराब होते कितना समय लगता है? हो सकता है सलाहू भाई लोग एसएमएस में केवल "हाँ" लिखकर उसकी शादी करवा दें. फिर क्या होगा? देखेंगे कि शादी के बाद लडकी हर फैसला लेने के लिए मेसेज मंगवाती फिरे.
एक दिन बोलेगी; "आप बताएं, हमें हनीमून पर कहाँ जाना चाहिए. मेरे ये चाहते हैं कि हम स्विट्जरलैंड जाएँ और मैं चाहती हूँ कि हम अपने हनीमून के लिए झुमरी तलैया जाएँ. बचपन से ही झुमरी तलैया नाम सुनकर मुझे बड़ा अच्छा लगता है."
सलाहू जी लोग एसएमएस लिख कर उसे झुमरी तलैया पहुंचा देंगे. हसबैंड का समर्थन कौन करेगा? लड़की झुमरी तलैया में में अपना हनीमून मनाने के लिए बैग पैक कर लेगी. आखिर जो लड़की दूसरों के कहने पर शादी कर सकती है वह दूसरों के कहने पर स्विट्जरलैंड को डिस्कार्ड करते हुए झुमरी तलैया तो जायेगी ही.
क्या-क्या सीन होगा?
देखेंगे कि हसबैंड लड़कियों को बुरी नज़र से देखने के अपने दैनिक कार्यक्रम को समाप्त कर घर पर आया और उसे पता चला कि खाना नहीं बना है. कारण पूछने पर लड़की बताएगी; " आज नेटवर्क में कोई लोचा हो गया है. दोपहर को डेढ़ बजे लोगों से एसएमएस मंगवाया था. यह पूछते हुए कि आज रात डिनर में मुझे भिन्डी की सब्जी बनानी चाहिए या कद्दू की? क्या करें अभी तक एसएमएस नहीं आया. ये टेलिकॉम कंपनियों की वजह से आज लगता है बिना खाए ही रहना पड़ेगा....."
हो सकता है इस हलकट हसबैंड द्बारा लड़कियों को घूरने की आदत से किसी दिन लड़की परेशान हो जाए और उसे लगे कि अब इसे तलाक देना ज़रूरी हो गया है. उसके लिए भी एसएमएस मंगवा लेगी. यह कहते हुए कि; " मैं अपने उनको तलाक देना चाहती हूँ. आप मुझे एसएमएस करके बताएं कि मैं दोपहर को तलाक दूँ या फिर शाम को सात बजे..."
किसी दिन हो सकता है..........
