कभी-कभी यह तय करने में मुश्किल होती है कि अपने देश में समस्याएं हैं या समस्याओं में अपना देश है. वैसे विद्वानों की मानें तो देश है तो समस्या है. समस्या है तो बहस है. बहस है तो ऑप्शंस हैं. ऑप्शंस हैं तो फैसला है. फैसला है तो गलती है...अरे मैं यह क्या लेकर बैठ गया. नए-नवेले ब्लॉगर की यही समस्या है. चांस मिला नहीं कि निकल पड़ा किसी शायर की नक़ल करने.
हाँ, तो मैं कह रहा था कि देश में समस्याएं हैं. आज सबसे बड़ी समस्या है महंगाई की. इतनी बड़ी कि सब्जियों तक को समझ नहीं आता कि कहाँ तक बढें क्योंकि ऊपर जाने के लिए जगह ही जगह है. लोग सुझाव दे रहे हैं. लोग सुझाव ले रहे हैं. कभी लगता है कारण खोज लिए गए हैं तो दूसरे ही दिन लगता है कि कारणों का पता ही नहीं है. किताबी अर्थशास्त्री हैं तो दूसरी तरफ व्यावहारिक व्यवसायी है. ऐसे में जितने मुँह उतनी बातें. हमारे संवाददाता ने देश में घूमकर तमाम लोगों से मंहगाई के कारणों और उसे रोकने के उपायों पर बात की. पढ़िए कि लोगों ने क्या कहा:
कौशिक बसु, चीफ इकॉनोमिक एडवाइजर टू इकॉनोमिस्ट प्राइम मिनिस्टर: "वी हैव टू लुक इन टू द प्रॉब्लम टू फाइंड द रीजन ऑफ दिस प्राइस राइज. महंगाई के कई कारण होते हैं. महंगाई बढ़ने का सबसे बड़ा कारण होता है डिमांड और सप्लाई. जब चीजों की डिमांड उसकी सप्लाई से बढ़ जाती है तो महंगाई आ जाती है. सी, अकार्डिंग टू द ला ऑफ सप्लाई, सप्लाई एंड प्राइस आर प्रपोर्स्नल...द हायर ऐन आइटम्स प्राइस, द मोर विल बी द सप्लाई....डिमांड इज इन्वार्सली प्रोपर्स्नल टू......"
प्रणब मुखर्जी, फिनांस मिनिस्टर, ट्रबल शूटर एंड परसेंटेज रीडर: "देयार आर सोम कोंसोर्न ओभार द प्राइस राइज. उइ आर लूकिंग इनटू द प्रोब्लोम एंड उइ थींक दैट रोबी क्रोप उविल ब्रिंग द प्राइसेज डाउन इन द मांथ ऑफ मार्च....उइ थींक दैट पीपूल शूड बे हैपी वीथ द एट प्वाइंट फाइव पारसेंट जी डी पी ग्रोथ..."
राम निवाश मिश्रा, 'फार्मर', सकरपुरा, सहरसा, बिहार: "बस अब बहुत हो गया. ई लोग अगर महंगाई नहीं रोक पा रहा है त मिलिट्री को काहे नहीं बुलाता? हमारे देश में बाढ़ आता है त मिलिट्री को बुलाया जाता है. प्रिंस कुआं में फंस जाता है त मिलिट्री ही निकलता है. ऐसे में ई मंहगाई एतना बढ़ रहा है त सरकार उसको रोकने के लिए भी मिलिट्री को काहे नहीं बुलाता? हमसे पूछते हैं त हम तो एही कहेंगे कि एक ही सलूशन है ई समस्या का. मिलिट्री."
सनल एडमरुकू, प्रेसिडेंट, इन्डियन रेशनेलिस्ट एशोसियेशन एंड ग्रेट बिलीवर इन पॉवर ऑफ साइंस: "अमारा कहना ये कि गवर्नमेंट महंगाई की प्रॉब्लम को सॉल्व करने के लिए यिनडियन यिस्पेस रिसर्च यार्गेनाइजेशन से कहे. देको इस कंट्री की हर प्रॉब्लम का सलूशन साइंस के पास है. अबी मंहगाई ईतनी ऊपर चला गया है कि यिसरो ही बता सकता है कि केतना ऊपर है और उसको उतना ऊपर से लाने के लिए क्या करना है...."
तुषार जी महाराज, जैन धर्म के ज्ञानी: "प्याज का दाम बढ़ना एक तरह से स्वामी महावीर जी का पूरी दुनिया को यह बताने का तरीका है कि प्याज एक तामसिक आहार है और उसे खाने से मानव सभ्याता का विनाश निश्चित है. यह इशारा है कि ...."
अरनब गोस्वामी, मॉडर्न डे रिवोलुश्यनरी एंड ओनली प्रोटेक्टर ऑफ इंडियन नेशन: "सिक्स मंथ बैक, व्हेन योर चैनल केम अप विद द प्रूफ दैट दिस स्काई राकेटिंग इन्फ्लेशन वाज रिजल्ट ऑफ मिस-डीड्स ऑफ मिस्टर सुरेश कलमाडी, मिस्टर कलमाडी हैड थ्रीटंड टू स्यु योर चैनल...नाऊ, योर चैनल हैज कम अक्रॉस न्यू एविडेंस ह्विच क्लीयरली शोज दैट मिस्टर कलमाडी.....टू नाईट आई वुड लाइक टू अस्योर आर व्यूअर्स वंस अगेन दैट योर चैनल विल सी टू इट दैट दोज हू आर रिस्पोंसिबिल फोर कॉजिंग एन्ग्जाइटी टू अ नेशन ऑफ अ वन बिलियन आर ब्राट तो जस्टिस...."
इंडिया टीवी, कस्टोडियन ऑफ थ्रिल, हॉरर, माइथोलॉजी, कल्चर.....एंड इन्वेन्टर ऑफ द टर्म, ब्रेकिंग न्यूज: "जी हाँ, आज हम आपको बतायेंगे कि कैसे सरसों, दूध और काली गाय की सहायता से महंगाई को कम किया जा सकता है. यह उपाय ऋगवेद से लिया गया है. जी हाँ, आज हमारे स्टूडियो में हैं स्वामी मुद्रानन्द जी महाराज जो आपको उस मंत्र के बारे में बतायेंगे जिसके जाप से मंहगाई कम होगी...जी हाँ, पहली बार महंगाई को काबू में करने वाला मन्त्र...."
बेजान दारूवाला, मेसेंजर ऑफ गणेशा: "मेरी जान, ये साल में क्या होगा? महंगाई बढ़ेगी अभी और बढ़ेगी. ये साल में कौन भारी है? ये साल में चन्द्रमा सबसे भारी है. जुपिटर से भी भारी अभी चन्द्रमा हो गया है. औउर उसका क्या असर होता है? उसका असर होता है कि आर्टिकल का दाम बढ़ता है...लेकिन जुलाई से, हाँ जुलाई से मेरी जान, चीजों का दाम कम होगा. वईसे अगर तुम लेफ्ट हैण्ड का मिडिल फिंगर में नीलम पहनेगा तो महंगाई कम हो सकता है....."
शरद पवार, एग्रीकल्चर मिनिस्टर एंड विनर ऑफ क्रिकेट ऐडमिनिस्ट्रेटिव बॉडी: "मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूँ लेकिन महंगाई तीन महीने में कम हो जायेगी..."
बाबा रामदेव, ब्रीदिंग एक्सपर्ट एंड ऑनटरप्रेन्योर: "हे हे हे हे..लोग मुझसे पूछते हैं, बाबाजी महंगाई क्यों बढ़ रही है? मैं कहता हूँ क्यों नहीं बढ़ेगी महंगाई? आज हम अपनी संस्कृति भूल गए हैं. कलियुग में महंगाई रोकने का एक ही उपाय है, योग. अगर हम योग का सहारा लें तो महंगाई को रोका जा सकता है. द्वापर में महंगाई क्यों नहीं रहती थी? .....हे हे हे..हाँ, करो बेटा करो. हमारे बीच हैं सोनीपत से आये हैं भाई राजेश. अनुलोम विलोम और कपालभाति से इन्हें बहुत लाभ हुआ है. हाँ, क्या समस्या थी बेटा तुम्हारी? क्या? गर्लफ्रेंड नहीं मिल रही थी? अच्छा, कितने दिन किया कपालभाति? चार महीने?.... और अब गर्लफ्रेंड मिल गई? हे हे हे...कोई भी समस्या का समाधान हो सकता है योग से..."
हमारे संवाददाता ने ए राजा, कपिल सिबल और राहुल गाँधी से भी सुझाव मांगे थे लेकिन उनलोगों ने कहा कि उन्हें करीब पंद्रह दिन का समय चाहिए . वहीँ राम जेठमलानी ने कहा कि वे महंगाई के बारे में तब तक कुछ नहीं कहेंगे जब तक वे महंगाई के ऊपर हाईकोर्ट का फैसला नहीं पढ़ लेते.
Monday, January 17, 2011
अब महंगाई रुकेगी
Saturday, January 15, 2011
दुर्योधन की डायरी - पेज २३१६
आज पढ़िए युवराज दुर्योधन की डायरी का वह पेज जिसमे उन्होंने अपनी किड-सिस्टर दुशाला ज़ी के जन्मदिन मनाने के बारे में लिखा है. न न, यह मत कहियेगा कि जन्मदिन मनाने की प्रथा पश्चिम के देशों से आई है. कुछ पश्चिम से नहीं आया. सब यहीं था और हजारों वर्षों से यहीं था:-)
......................................................................
आज राजमहल में एक बार फिर से ख़ुशी का माहौल है. राजमहल बना ही है ख़ुशी के लिए. मुझे तो कभी-कभी लगता है कि राजमहल न हो तो ख़ुशी कहीं दिखाई ही न दे. जब ख़ुशी नामक अनुभूति की खोज की गई होगी साथ-साथ राजमहल का निर्माण भी कर दिया गया होगा ताकि ख़ुशी बड़ी जगह पर जाकर बैठ सके.
वैसे आज की ख़ुशी किसी पार्टी की वजह से नहीं है. दरअसल आज दुशाला का जन्मदिन है. आज वह बहुत खुश थी. साथ में हम भाई लोग भी. देखा जाय तो हमें खुश होने के अलावा काम ही क्या है? हमारे लिए तो खुश दिखना अपने आप में बहुत बड़ा काम है. एक बात जरूर है. जन्मदिन की खुशी बाकी सभी खुशियों से अलग होती है. शादी-व्याह पर उतनी खुशी नहीं होती जितनी जन्मदिन पर होती है. शादी-व्याह पर भी खुशी होती ही है लेकिन रूपये-पैसे खर्च होने की वजह से कुछ-कुछ सैडनेश अपने आप क्रीप-इन कर जाती है. वहीँ जन्मदिन की खुशी में किसी सैडनेश की मिलावट का चांस बिल्कुल नहीं रहता. और दुशाला के जन्मदिन पर तो बिलकुल ही नहीं. आख़िर उसके जन्मदिन पर भारी मात्रा में रुपया-पैसा वसूल कर लिया जाता है. ऐसे में सैडनेश दिखाई भी देती है तो उनके चेहरों पर जिनसे वसूली की जाती है.
मुझे याद है जब पहली बार दुशाला ने सार्वजनिक तौर पर अपना जन्मदिवस मनाया था. उसने उसे 'स्वाभिमान दिवस' के रूप नाम दिया था. अपने जन्मदिवस को स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाने का लॉजिक भी बड़ा मजेदार दिया था उसने. वह चाहती थी कि उसके जन्मदिन पर वह और पूरा खानदान इतना अभिमान करे कि उसे देखकर द्रौपदी जल-भुन जाए. उसका कहना था कि द्रौपदी का अपना कोई स्वाभिमान तो बचा नहीं था ऐसे में दुशाला के जन्मदिन को स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाने से द्रौपदी का जल-भुन जाना पक्का था.
पिछले तीन महीने से तैयारियां चल रही थीं. द्वार बनाये गए. पोस्टर छपाए गए. निमंत्रण पत्र छापे गए. तरह-तरह की कलाओं से हस्तिनापुर को सजाया गया. बाहर के राज्यों से कारीगरों और हलवाइयों की टोलियाँ आयीं. प्रजा के लोगों की संख्या देखते हुए बहुत बड़ी जगह चाहिए थी. यह तो अच्छा हुआ कि दुशासन के सुझाव पर नगर के बीचों-बीच एक चिल्ड्रेन पार्क पर कब्जा कर लिया गया नहीं तो बड़ी तकलीफ हो जाती. जितने गेस्ट आये थे उन्हें तो खड़े होने की जगह ही नहीं मिलती. वैसे भी सौ भाइयों की दुलारी बहन के लिए जितना भी किया जाता कम ही होता.
दुशाला की इच्छा है कि वह इसी चिल्ड्रेन पार्क में प्रजा के बीच अपने जन्मदिवस पर खीर खाने का शुभ कार्य करे. वैसे भी मेरा मानना है कि केवल खीर खाने का क्यों, उसे तो कुछ भी खाने का अधिकार है. सुयोधन की बहन चाहे तो हम उसे पूरा हस्तिनापुर खाने के लिए दे दें. सौ भाईयों की एक बहन होना साधारण बात तो नहीं.
और हम भाई ऐसा करें भी न क्यों? दुशाला का जन्मदिवस अच्छे दिन और अच्छे पैसे लेकर आता है. तरह-तरह की सौगात. तरह-तरह के गिफ्ट. कहीं कोई मोतियों का हार ले आता है तो कहीं कोई मुद्रा का. फूलों और मुद्रा के हार इतने वजनी कि बिना चार-पाँच लोगों के हाथ लगाए उठते भी नहीं. हमने भी तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ते. तैयारियों के तहत सबसे पहले राज्य के व्यापारियों से पैसा वसूला गया. बाद में व्यापरियों से टैक्स के रूप में पैसा वसूलने वाले सेल्स टैक्स अफसरों से पैसे की वसूली कर ली गई है. सड़क निर्माण के लिए काम करने वाले अभियंताओं से पैसा खींचा गया है. मामाश्री ने सुझाव दिया था कि मदिरा के ठेकेदारों से वसूल की जाने वाली रकम इसबार बढ़ा दी जाए. उनके सुझाव की वजह से इसबार भारी मात्रा में वसूली की गई है. आने-जाने वाले वाहनों से वसूली करने का काम तो वैसे भी जन्मदिवस के एक महीने बाद तक चलता ही रहेगा.
मुझे याद है. पहली बार जब दुशाला द्बारा सार्वजनिक तौर पर जन्मदिवस मनाया गया था, उस वर्ष भी मामाश्री के कहने पर दुशासन और जयद्रथ ने पैसा वसूली का महत्वपूर्ण कार्य किया था. वो तो बाद में कर अधिकारियों ने दुशाला से उसके जन्मदिवस के उपलक्ष में वसूल किए गए पैसों का हिसाब मांगकर थोड़ा लफड़ा खड़ा करने की कोशिश की थी लेकिन मामाश्री ने साबित कर दिया कि ज़बरन वसूली की कोई घटना नहीं हुई थी. ये तो प्रजा के लोगों ने प्यार से अपनी राजकुमारी को धन भेंट किया था.
प्रजा द्बारा धन भेंट करने की वजह से ही उसके बाद हमलोग उसका जन्मदिवस आर्थिक सहयोग दिवस के रूप में मनाते हैं. मुझे याद है, दुशासन ने हँसते हुए कहा था कि आर्थिक सहयोग दिवस के रूप में जन्मदिवस मनाने से प्रजा के बीच संदेश जाता है कि अगर वो आर्थिक सहयोग में हिस्सा नहीं लेगी तो दुशासन प्रजा के ख़िलाफ़ असहयोग पर उतर आएगा. और अगर ऐसा हो गया तो फिर प्रजा को सहयोग देने वाला कोई दिखाई नहीं देगा.
दुशाला के जन्मदिवस के उपलक्ष में जब मैंने उसे उपहार स्वरुप कुछ देने की मंशा जताई तो उसने कहा कि अगर मैं कुछ देना ही चाहता हूँ तो उसी जगह पर दुशाला की प्रतिमा स्थापित करवा दूँ जहाँ पिताश्री की प्रतिमा है. मैंने उसे वचन दिया है कि मैं अलग से वसूली का कार्यक्रम चलाकर नगर के बीचों-बीच किसी पार्क में दुशाला की प्रतिमा स्थापित करवाऊंगा.
परसों ही कपड़े का एक व्यापारी जन्मदिवस के उपलक्ष में दुशाला के लिए एक नया ड्रेस देकर गया है. इसबार वो बिल्कुल नए तरह का ड्रेस पहनना चाहती थी. उसे किसी इमेज डेवेलपमेंट एजेन्सी ने बताया है कि प्रजा के बीच अपनी इमेज को और लोकप्रिय बनने के लिए उसे नए तरह के कपड़े पहनने की ज़रूरत है.
अज शाम को जन्मदिवस के उपलक्ष में वह इक्कीस सौ लोगों को कम्बल बांटना चाहती है. हँसते हुए बता रही थी कि कम्बल बांटने जैसा महत्वपूर्ण राजकीय कार्य अगर जन्मदिवस पर किया जाय तो इसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलते हैं. दुशासन ने किसी व्यापारी की दूकान से कल शाम को ही कम्बल उठवा लिया था.
जन्मदिवस की ये बहार ऐसे ही चलती रही. जन्मदिवस ऐसा ही मनाया जाता रहे. प्रजा ऐसे ही धन भेंट करती रहे. और क्या चाहिए...?
Monday, January 10, 2011
तेलंगाना समाचार, १० जनवरी २०१८.
नए राज्य बनाने की कवायद ने हाल के वर्षों में एक उद्योग का रूप ले लिया है. प्लान और बजट बनाकर अभियान चलाये जा रहे हैं. मीडिया में पब्लिक ओपिनियन बनाई जा रही है. भूख हड़ताल की जा रही है. गाँधी जी के रास्ते पर चलने का दावा करते हुए मारपीट भी की जा रही है. यह एक तरह से अच्छा भी है. सरकार अगर किसी राज्य को अच्छी तरह से गवर्न नहीं कर सके तो नया राज्य बना देना अच्छी नीति है. पेश है तेलंगाना राज्य के सन्दर्भ में साल २०१८ की एक न्यूजपेपर रिपोर्ट;
.......................................................................
आज पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चन्द्रशेखर राव के बीच कटुता ने तब एक नया रूप ले लिया जब श्री राव ने रमेश को यह कहते हुए लताड़ दिया कि; "रमेश को अब शाहजहाँ के परिवार वालों को यह कहते हुए नोटिस भेज देना चाहिए कि उन्होंने ताजमहल बनवाने से पहले पर्यावरण मंत्रालय से क्लीयरेंस नहीं लिया था. साथ ही ताजमहल को गिराने का ऑर्डर भी पास कर देना चाहिए."
ज्ञात हो कि तीन दिन पहले श्री जयराम रमेश ने यह कहकर सबको चौंका दिया था कि तेलंगाना राज्य बनाने के लिए न ही केंद्र सरकार ने और न ही आंध्र प्रदेश सरकार ने साल २०११ में पर्यावरण मंत्रालय से क्लीयरेंस लिया. एक राज्य बनाने के आठ वर्ष बाद श्री रमेश के इस तरह के बयान को राजनीतिक हलकों में बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. जानकारों का मानना है कि पर्यावरण मंत्रालय जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर तेलंगाना राज्य पर स्टे ले लेगा और तब पूरा तेलंगाना ही ठप हो जाएगा.
श्री रमेश के तेलंगाना राज्य बनाने के समय इनवायर्नमेंट क्लीयरेंस न लेने के बयान के बाद तेलंगाना का मुद्दा अंतर्राष्ट्रीय स्तर बहुत महत्वपूर्ण हो गया है. कल शाम भूतपूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति अल गोर ने भारतीय सरकार की यह कहते हुए आलोचना की है कि; "बिना इनवायर्नमेंट क्लीयरेंस लिए एक राज्य बना देना एक ऐसी बात है जो आने वाले वर्षों में विश्व पर्यावरण के लिए खतरा साबित होगी."
श्री अल गोर की इस बात का समर्थन करते हुए नोबल पुरस्कार विजेता श्री आर के पचौरी ने कहा कि वे श्री रमेश और श्री गोर के साथ हैं और जल्द ही तेलंगाना के मुद्दे पर एक बड़ा आन्दोलन शुरू करेंगे. ज्ञात हो कि पिछले महीने ही श्री पचौरी ने यह घोषणा करते हुए विवाद खड़ा कर दिया था कि पूरे तेलंगाना के ग्लेसियर अगले तीन महीने में ही ख़त्म ही जायेंगे. जब लोगों ने उन्हें याद दिलाया कि तेलंगाना में ग्लेसियर नहीं हैं तब उन्होंने कहा था कि अगर ग्लेसियर नहीं हैं तो पानी ख़त्म हो जाएगा.
श्री पचौरी का मानना है कि पर्यावरण के हिसाब से तेलंगाना अन्टार्कटिका जितना महत्वपूर्ण है.
उधर तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री राव और गृहमंत्री श्री कपिल सिबल में उस समय झगड़ा हो गिया जब श्री सिबल ने अपने एक अद्भुत फ़ॉर्मूले का इस्तेमाल करते हुए यह साबित कर दिया कि तेलंगाना राज्य में अब केवल सत्रह गाँव हैं इसलिए इस राज्य को केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि और करों की अदायगी उसी के अनुसार होनी चाहिए. ज्ञात हो कि पिछले सप्ताह तक तेलंगाना में कुल सत्ताईस हज़ार गाँव थे.
विद्वानों का मानना है कि श्री सिबल ने राज्य के गाँवों की संख्या बताने के लिए उसी फ़ॉर्मूले का इस्तेमाल किया है जिसका इस्तेमाल करके साल २०११ में उन्होंने साबित कर दिया था कि टू-ज़ी स्पेक्ट्रम घोटाला एक लाख सतहत्तर हज़ार करोड़ की जगह शून्य रूपये का था. वैसे कुछ विद्वान यह मानते हैं कि श्री सिबल से फ़ॉर्मूला इस्तेमाल करने में कोई भूल हुई है नहीं तो तेलंगाना में गावों की संख्या सत्रह की जगह शून्य होती. कुछ पत्रकार मानते हैं कि आज रात श्री सिबल अपना असली फ़ॉर्मूला इस्तेमाल कर सकते हैं.
सूत्रों का मानना है कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच यह झगड़ा एक नया रूप ले सकता है. ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं प्रधानमंत्री श्री सिंह इस बात से नाराज़ हैं कि जहाँ देश के बाकी राज्यों में प्याज तीन सौ रूपये किलो बिक रही है वहीँ तेलंगाना में दो सौ नब्बे रूपये किलो बिक रही है. उनका मानना है कि प्याज की दरों में इतना बड़ा अंतर उन्हें बर्दाश्त नहीं है.
केंद्र और राज्य सरकारों के बीच इस झगड़े को सुलझाने के लिए कल प्रधानमंत्री ने जस्टिस श्री कृष्णा के नेतृत्व में एक कमीशन का गठन किया है जो यह सुझाव देगा कि झगड़े को सुलझाने के कितने रास्ते हैं? लोगों का अनुमान है कि झगड़े को सुलझाने के लिए जस्टिस श्री कृष्णा करीब अट्ठारह रास्ते निकालेंगे. उसके बाद सरकारों पर निर्भर करेगा कि वे एक रास्ते पर चलकर झगड़ा सुलझाएं या फिर सारे अट्ठारह रास्तों पर चलकर. ज्ञात हो कि तेलंगाना राज्य के गठन पर जस्टिस श्री कृष्णा ने कुल छ सुझाव दिए थे उन सारे सुझावों पर चलकर तेलंगाना का गठन किया गया था.

